बिना मंजूरी ट्रांसफार्मर हटाने का आरोप, जांच की मांग
🟡 🔴 गणेश प्रसाद द्विवेदी 🔴 🟡
🔴 कोटवा उपकेंद्र के अंतर्गत अन्य स्थानांतरणों की भी जांच कराने की मांग।
हनुमानगंज। बहादुरपुर ब्लॉक की ग्रामसभा लीलापुर कला की भारतीया बस्ती में स्थापित 10 केवीए ट्रांसफार्मर को कथित तौर पर सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के बिना दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में संबंधित जेई दीपक वर्मा की भूमिका की जांच कराए जाने की मांग की गई है।
इस संबंध में बुधवार को आलोक उपाध्याय ने मुख्य अभियंता (वितरण), प्रयागराज क्षेत्र-द्वितीय पीए मोंगा को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने ट्रांसफार्मर स्थानांतरण की अनुमति, तकनीकी संस्तुति और विभागीय प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की।
शिकायतकर्ता ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कोटवा के अंतर्गत पिछले कुछ वर्षों में हुए अन्य ट्रांसफार्मर स्थानांतरणों की भी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने स्थानांतरण आदेश, कार्यादेश, स्टॉक रजिस्टर तथा संबंधित विभागीय अभिलेखों की जांच के साथ मौके का निरीक्षण कराने की बात कही।
शिकायती पत्र में ट्रांसफार्मर हटाए जाने के कारणों तथा इससे प्रभावित उपभोक्ताओं की स्थिति का भी सत्यापन कराने की मांग की गई है। आलोक उपाध्याय ने कहा कि जांच ऐसे अधिकारी से कराई जानी चाहिए, जो संबंधित निर्णय प्रक्रिया में शामिल न रहा हो।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि शिकायत का उद्देश्य किसी को बिना जांच दोषी ठहराना नहीं, बल्कि विद्युत विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कराना है।


Comments
Post a Comment