ईएसआई चिकित्सालय आजाद नगर की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को हटाने की मांग
🔴 🟡 जी0 के0 खरे 🟡 🔴
🔴 ई0एस0आई0 चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका के स्थानांतरण की मांग, कर्मचारियों ने जताया रोष।
कानपुर, 21 जून। उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ की एक बैठक बेनाझाबर स्थित जल संस्थान परिसर में महासंघ के पदाधिकारी सुनील सुमन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ईएसआई चिकित्सालय, आजाद नगर में तैनात मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका के कार्य व्यवहार को लेकर कर्मचारियों ने गंभीर आपत्तियां दर्ज कराईं।
बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि चिकित्सालय में कार्यरत कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है, जिससे कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों पर पड़ने वाला दबाव अंततः रोगी सेवाओं को भी प्रभावित कर सकता है।
महासंघ ने प्रदेश सरकार, श्रम मंत्री एवं मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि कर्मचारियों की शिकायतों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया तो आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में बी.एल. गुलाबिया, शब्बीर हसन, बिंदा प्रसाद, उमाकांत, अजय कुमार वाल्मीकि, संजय कुमार उर्फ पप्पू, ताराचंद, जमशेद, रविंद्र कुमार मधुर, विमला मिश्रा सहित अनेक कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
( डिस्क्लेमर: यह समाचार कर्मचारी संगठन द्वारा जारी वक्तव्य एवं लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। समाचार पत्र आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि का दावा नहीं करता। )


Comments
Post a Comment