बेतवा सेतु हादसे की जांच को दो उच्चस्तरीय समितियां गठित, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी हमीरपुर

                   🔴       🟡  अजय कुमार गुप्ता 🟡       🔴                   

🔴  छह मृत श्रमिकों के परिजनों को आर्थिक सहायता, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का भी मिलेगा लाभ।

हमीरपुर, संवाददाता।


बेतवा नदी पर निर्माणाधीन सेतु के सेगमेंटल स्पान गिरने की दुर्घटना की जांच तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि हादसे की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यापक जांच के लिए जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा अलग-अलग तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समितियों का गठन किया गया है। दोनों समितियां दुर्घटना के तकनीकी, प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति अथवा संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृत श्रमिकों के परिजनों को आर्थिक सहायता एवं विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से गठित जांच समिति की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) कर रहे हैं। समिति ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर आवश्यक साक्ष्यों का संकलन भी प्रारंभ कर दिया है। वहीं, उत्तर प्रदेश सेतु निगम की तकनीकी समिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता, डिजाइन, संरचनात्मक मानकों, निर्माण सामग्री तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर निर्माण सामग्री के नमूनों की प्रयोगशाला जांच भी कराई जाएगी।

डीएम ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में थाना कुरारा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) एवं 125(ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता

दुर्घटना में जान गंवाने वाले छह श्रमिकों के परिजनों को शासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी मैसर्स शेल्टर इंफ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। श्रम विभाग की योजनाओं के तहत पात्र परिवारों को 1.25 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी लाभान्वित होंगे परिजन

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत दो पात्र परिवारों को 30-30 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, अंत्योदय राशन कार्ड, आवास योजना एवं स्वच्छ शौचालय योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी पात्र परिजनों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत एक मृतक श्रमिक की दो पुत्रियों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता दी जाएगी।

गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से नहीं होगा समझौता

जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि जनपद प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा जनपद में संचालित सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुपालन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

राजकीय आईटीआई पांडु नगर में 8 अक्टूबर को लगेगा एकदिवसीय अप्रेंटिसशिप रोजगार मेला

कमीशन वृद्धि और बकाया भुगतान के लिये गरजे कोटेदार

पेंशनर्स 15 जुलाई को अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करेंगे