पेंशनर्स ने दिया एकता का संदेश, आठवें वेतन आयोग के लाभ की उठाई मांग।
🔴 🟡 जी0 के0 खरे 🟡 🔴
कानपुर। सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, कानपुर नगर द्वारा ईद-उल-अजहा के अवसर पर विभिन्न धर्मों के पेंशनर्स के बीच भाईचारा और एकता का संदेश देने हेतु कल्याणपुर स्थित उपाध्यक्ष शाहनाज खान के निवास पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के पेंशनर्स ने एक साथ सहभागिता कर सामाजिक सौहार्द और एकजुटता का संदेश दिया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आठवें वेतन आयोग का लाभ पुराने पेंशनर्स को देने की मांग भी उठाई।
इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए वी0 एन0 पाल ने कहा कि पेंशनर्स की एक ही पहचान है और धर्म एवं जाति के आधार पर बंटकर वे अपने अधिकारों की लड़ाई कमजोर नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि एकजुट संघर्ष से ही पेंशनर्स अपनी मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकेंगे।
अध्यक्ष बीएल गुलाबिया ने कहा कि सरकार पेंशनर्स को नई सुविधाएं देने के बजाय पूर्व में मिली सुविधाओं को भी धीरे-धीरे समाप्त कर रही है। उन्होंने कोरोना काल के 18 माह के लंबित महंगाई भत्ते तथा रेलवे किराये में 50 प्रतिशत छूट बहाल करने की मांग उठाई।
साहबदीन यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालात के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि पेंशनर्स को सीमित राहत मिल रही है। उन्होंने सरकार से पेंशनर्स को अधिक सुविधाएं देने की मांग की।
कार्यक्रम में बीएल गुलाबिया, साहबदीन यादव, बीआर प्रसाद, रविंद्र कुमार मधुर, सुनील सुमन, सरदार इंद्रजीत सिंह गिल, वीएन पाल, रमाकांत वर्मा, धर्मेंद्र सिंह यादव, जैनेंद्र कुमार पांडेय, संतोष कुमार त्रिपाठी, दुर्गा प्रसाद अनुरागी, आंशिक हुसैन मंसूरी, मोहम्मद असलम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment