वायरल थप्पड़ कांड में सुमेरपुर थाना प्रभारी लाइन हाजिर।
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
सुमेरपुर (हमीरपुर), 31 मई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए थप्पड़ कांड के मामले में पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने सख्त रुख अपनाते हुए सुमेरपुर थाना प्रभारी योगेश तिवारी को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच भी शुरू करा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सुमेरपुर विद्युत वितरण उपखंड के निकट बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं को लेकर स्थानीय लोग प्रदर्शन कर रहे थे। सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी योगेश तिवारी प्रदर्शनकारियों की समस्या का समाधान कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया तथा घटना की जांच के आदेश जारी किए। जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी सदर राजेश कमल को सौंपी गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक की त्वरित कार्रवाई को जिले में प्रशासनिक जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


Comments
Post a Comment