वकीलों का प्रदर्शन, एसडीएम व पेशकार के स्थानांतरण की मांग
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
मौदहा (हमीरपुर), 30 मार्च। मौदहा तहसील के अधिवक्ताओं ने सोमवार को नारेबाजी करते हुए एसडीएम एवं उनके पेशकार के स्थानांतरण की मांग उठाई और न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।
अधिवक्ताओं के अनुसार, बार एसोसिएशन मौदहा के वरिष्ठ अधिवक्ता बरदानी प्रसाद एसडीएम के चेंबर में पेशकार पीयूष सक्सेना की शिकायत लेकर पहुंचे थे, जहां कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों अधिवक्ता एसडीएम से वार्ता करने पहुंचे। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि एसडीएम का रवैया तानाशाहीपूर्ण है और अधिवक्ताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
इससे क्षुब्ध होकर बार संघ ने आपात बैठक कर एसडीएम करणवीर सिंह एवं पेशकार पीयूष सक्सेना के स्थानांतरण की मांग की।
इस दौरान बार अध्यक्ष शिवलाल पाल, महामंत्री विवेक दीक्षित सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।


Comments
Post a Comment