ग्राम परेहटा में पीडब्ल्यूडी पर भूमि कब्जे का आरोप, शिकायतकर्ता ने तहसील दिवस में लगाई गुहार
अजय कुमार गुप्ता
मौदहा (हमीरपुर) ग्राम परेहटा की रहने वाली उषा देवी पत्नी रामरूप ने तहसील दिवस में गंभीर शिकायत दर्ज कराते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग के ठेकेदारों पर जबरन भूमि कब्जे और रास्ता निर्माण कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार प्रार्थिया की कृषि भूमि गाटा संख्या 205 एवं 209-क उसके वैध कब्जे में है, लेकिन 13 नवंबर को पीडब्ल्यूडी द्वारा परेहटा से मुंडेरा मार्ग पर कार्य करते समय जेबीसी मशीन से उसकी भूमि में मिट्टी काटकर डाल दी गई और खेत के अंदर तक रास्ता बना दिया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ठेकेदारों ने न तो किसी प्रकार की पूर्व सूचना दी और न ही भूमि स्वामी की अनुमति ली। जबरन रास्ता बनने से खेत की मिट्टी खराब हो गई और कृषि कार्य प्रभावित हुआ।
प्रार्थिया ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर भी मशीनों को नहीं रोका गया, जिससे उसकी उपजाऊ भूमि को नुकसान पहुँचा है।उषा देवी ने तहसील दिवस में अधिकारियों से मांग की है कि पीडब्ल्यूडी द्वारा किए गए जबरन अतिक्रमण की जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही खेत में डाली गई मिट्टी को तत्काल हटवाकर भूमि को पूर्व स्थिति में बहाल कराया जाए। प्रार्थिया ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में किसानो की जमीन पर इस तरह की मनमानी बढ़ सकती है।अधिकारियों ने शिकायत को दर्ज कर जांच कराने का आश्वासन दिया है। गांव के लोगों ने भी इस कार्यवाही पर सवाल उठाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


Comments
Post a Comment