श्रृंगवेरपुर धाम में 36वां राष्ट्रीय रामायण मेला आज से प्रारंभ
गणेश प्रसाद द्विवेदी
👉 जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे शुभारंभ।
श्रृंगवेरपुर (प्रयागराज)। पौराणिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी श्रृंगवेरपुर धाम में आज से पंचदिवसीय 36वां राष्ट्रीय रामायण मेला प्रारंभ हो रहा है। मेला का शुभारंभ शुक्रवार को प्रातः 11 बजे सुमेरु पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री नरेंद्रानंद सरस्वती जी महाराज, श्री काशी के करकमलों द्वारा किया जाएगा।
राष्ट्रीय रामायण मेला के महामंत्री उमेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि उद्घाटन समारोह राष्ट्र धर्म संत सम्मेलन के रूप में आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता स्वामी श्री जय रामदास जी महाराज (गऊघाट श्रृंगवेरपुर धाम) करेंगे। कार्यक्रम में रामानुजाचार्य जगतगुरु स्वामी श्री नारायणाचार्य जी महाराज, दंडी स्वामी रामाश्रम श्रृंगवेरपुर धाम, निषादराज पीठाधीश्वर माधव दास जी महाराज, राघव दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा एवं विद्वान सम्मिलित होंगे।
मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी और विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां गंगा की आरती और पूजन-अर्चन से होगा।
मेला अधिकारी ज्ञानेंद्रनाथ (उपजिलाधिकारी सोरांव) ने बताया कि मेले में स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने लगभग दो दर्जन विभागों को प्रदर्शनी लगाने हेतु आदेश दिए हैं।
मेले में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय लखनऊ, सूचना विभाग एवं भारत सरकार के लोक संचार ब्यूरो द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक दल प्रस्तुति देंगे। लाइट एंड साउंड आधारित रामलीला, रामायण नृत्य नाटिका, अयोध्या की सुप्रसिद्ध रामलीला, देढ़िया नृत्य, अवधी और ब्रज लोकगीत, भजन संध्या तथा महोबा का पाई डंडा नृत्य मेले के मुख्य आकर्षण होंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रयागराज द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस पंचदिवसीय आयोजन में प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, न्यायमूर्तिगण, वरिष्ठ अधिकारी, संत, भक्त एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
राष्ट्रीय रामायण मेला का आयोजन रामायण मेला आयोजन समिति श्रृंगवेरपुर धाम, जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, जिला प्रशासन प्रयागराज तथा उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपाध्यक्ष सियाराम सरोज, संयुक्त मंत्री अमित द्विवेदी, रामकथा संयोजक विनय कुमार अग्रवाल, अधिवक्ता कृष्णाचंद्र पांडे, बलराम सिंह और प्रधान पंकज पांडे ने क्षेत्रवासियों से भारी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है।

Comments
Post a Comment