2221 मृत किसानों को मिल रहा था किसान सम्मान निधि का लाभ
अजय कुमार गुप्ता
👉 विभाग ने बनाई सूची, शुरू हुई वसूली की कार्रवाई
हमीरपुर। जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जांच में पता चला है कि किसान की मृत्यु के बाद भी उनके खातों में वर्षों तक किसान सम्मान निधि की किस्तें आती रहीं। विभाग ने ऐसे 2221 मृत किसानों की सूची तैयार कर ली है और अब उनसे वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच में सामने आया कि मृत किसानों के परिजनों ने विभाग को जानकारी दिए बिना ही खातों से रकम निकाल ली। कई मामलों में उनके पुत्र न केवल पिता के नाम से किसान सम्मान निधि उठा रहे थे बल्कि स्वयं भी इस योजना का लाभ ले रहे थे। इस तरह सरकारी योजना का दोहरा फायदा उठाया जा रहा था।
अब शासन स्तर से कार्यवाही तेज कर दी गई है। बैंकों के जरिए ऐसे खातों का डेटा अपडेट कर शासन को भेजा जा रहा है और धनराशि की रिकवरी की जा रही है।
उप कृषि निदेशक का बयान
उप कृषि निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि शासन द्वारा मृत किसानों की सूची विभागीय पोर्टल पर अपडेट कर दी गई है। बैंकों ने खातों को होल्ड कर वसूली शुरू कर दी है। कई किसान परिवार राशि वापस कर भी चुके हैं। साथ ही मृत किसानों के प्रमाण पत्र और जरूरी दस्तावेज शासन को भेजे जा रहे हैं।

Comments
Post a Comment