शिवराजपुर में आज लगेगा रोजगार मेला, 1842 पदों पर भर्ती का अवसर
🔴 🟡 जी0 के0 खरे 🟡 🔴
🔴 मेले में कानपुर नगर सहित विभिन्न शहरों की अनेक प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी प्रतिभाग।
🟡 हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी रोजगार ले सकते हैं मेले में भाग।
कानपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर एवं रामसहाय राजकीय महाविद्यालय, शिवराजपुर के संयुक्त तत्वावधान में 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से महाविद्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेले में कानपुर नगर सहित विभिन्न शहरों की अनेक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। आयोजकों के अनुसार विभिन्न कंपनियों द्वारा करीब 1842 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए लगभग 10 हजार से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रस्तावित है।
मेले में सुपर क्लाउड, दि इंडिया थर्मिट कॉरपोरेशन लिमिटेड, अडानी सोलर एनर्जी, ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल एंड आयुर्वेदिक प्राइवेट लिमिटेड, एसबीआई लाइफ, कृष्णा मारुति, पुखराज हेल्थकेयर, रक्षा सिक्योरिटी सर्विसेज सहित कई कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
आयोजकों के मुताबिक हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर आवेदन कर साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। आयोजकों ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय से पहुंचकर आवश्यक शैक्षिक प्रमाणपत्र एवं दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।

Comments
Post a Comment