पुराने पेंशनर्स की मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन
🔴 🟡 जी0 के0 खरे 🟡 🔴
🔴 पुराने पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग में शामिल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन।
🟡 सरकार वित्त विधेयक लाकर पुराने पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के लाभ से करना चाहती है वंचित - बी.एल. गुलाबिया
कानपुर। पुराने पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग में शामिल करने, वरिष्ठ नागरिक आयोग का गठन करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन कानपुर नगर के तत्वावधान में सोमवार को देशव्यापी आंदोलन के क्रम में गांधी पार्क, जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष बी.एल. गुलाबिया ने कहा कि सरकार वित्त विधेयक अधिनियम-2025 लाकर पुराने पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के लाभ से वंचित करना चाहती है। उन्होंने कोरोना काल के दौरान 18 माह का रोका गया महंगाई भत्ता जारी करने, कोरोना के दौरान बंद की गई रेल किराये में वरिष्ठ नागरिकों की छूट पुनः बहाल करने तथा वरिष्ठ नागरिक आयोग का गठन करने की मांग की।
उन्होंने स्थानीय निकायों, जल संस्थान, जल निगम एवं नगर निगम के पेंशनर्स को दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस योजना में शामिल करने तथा जल निगम के पेंशनर्स को बकाया पेंशन के साथ प्रत्येक माह समय से पेंशन का भुगतान किए जाने की मांग भी उठाई।
इस दौरान प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा गया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि यदि सरकार पेंशनर्स को असहाय समझकर उनकी समस्याओं की अनदेखी करती है, तो बुजुर्गों की उपेक्षा सरकार के लिए उचित नहीं होगी।
आर.पी. श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि यदि पेंशनर्स की मांगों को तत्काल स्वीकार नहीं किया गया तो वे मॉर्निंग वॉक के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
प्रदर्शन में बी.एल. गुलाबिया, अशोक कुमार मिश्रा, बेचे लाल कुशवाहा, रविन्द्र कुमार मधुर, चन्द्रहांस सिंह चौहान एडवोकेट, सरदार इन्द्रजीत सिंह गिल, साहबदीन यादव, ओ.पी. श्रीवास्तव, कमल अग्रवाल, राकेश कुमार तिवारी, जैनेन्द्र कुमार पाण्डेय, वी.एन. पाल, रमाकांत वर्मा, संतोष कुमार त्रिपाठी, सुशील श्रीवास्तव, श्रीमती विमला मिश्रा, प्रमिला, रामरानी कटियार, ऊषा चौहान, शाहनाज खान एवं मंजू भारतीय सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।


Comments
Post a Comment