मिलेट्स बीज उत्पादन के लिए किसानों को दिया दो दिवसीय प्रशिक्षण
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
कुरारा, हमीरपुर। स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र में उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम के तहत किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के सदस्यों को श्री अन्न बीज उत्पादन का दो दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को शुरू हुआ।
प्रशिक्षण के प्रथम दिन मिलेट्स बीज उत्पादन एवं गुणवत्तायुक्त बीज प्रबंधन की जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने श्री अन्न के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मिलेट्स कम पानी में अधिक पोषण देने वाली फसल है। जलवायु परिवर्तन के दौर में यह किसानों के लिए उपयोगी फसल साबित हो सकती है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसपी सोनकर ने बताया कि किसान बीज उत्पादन के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने बीज उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी दी।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. सूर्य प्रताप सोमवंशी ने मृदा एवं पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी देते हुए श्री अन्न की फसल में जैविक खाद, गोबर की खाद एवं बायो-फर्टिलाइजर के प्रयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इनके उचित प्रयोग से बीज की गुणवत्ता एवं अंकुरण क्षमता में सुधार किया जा सकता है।
डॉ. प्रशांत ने मूल्य संवर्धन तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए मिलेट्स से लड्डू, बिस्किट और दलिया आदि उत्पाद तैयार करने की संभावनाओं के बारे में बताया। साथ ही सीड हब योजना के तहत किसानों को मिलने वाले अनुदान एवं क्रय व्यवस्था की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी किसानों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मोहम्मद अहमद, अनवर, विजय कीर्ति, संजीव, विनोद सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।


Comments
Post a Comment