चंद्रावल नदी फिर उफनाई, कई गांवों का संपर्क टूटा

                   🔴       🟡  अजय कुमार गुप्ता  🟡       🔴                   

🔴 रपटों के ऊपर एक मीटर से अधिक पानी, 20-25 किमी का चक्कर लगाकर मौदहा पहुंच रहे ग्रामीण।

मौदहा (हमीरपुर)। चंद्रावल नदी का जलस्तर कुछ दिनों तक कम रहने के बाद एक बार फिर बढ़ने लगा है। नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई रपटों के ऊपर एक मीटर से अधिक पानी बहने के कारण कस्बे से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बाधित हो गया है। जरूरी कामों के लिए ग्रामीणों को 20 से 25 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर मौदहा पहुंचना पड़ रहा है।

बम्हरौली के ग्राम प्रधान श्याम बाबू ने बताया कि पढ़ोरी रपटे के ऊपर एक मीटर से अधिक पानी बह रहा है। इससे क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क बाधित हो गया है। सोमवार को क्षेत्र पंचायत कार्यालय में सरकारी काम से आने के लिए उन्हें ओलामाफ और परछठ होते हुए मौदहा पहुंचना पड़ा। लंबा रास्ता तय करने में समय और धन दोनों अधिक खर्च हुए।

भवानी ग्राम पंचायत के पंचायत मित्र गजेंद्र ने बताया कि गांव के पास चंद्रावल नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी सड़क तक पहुंच गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, रतौली निवासी करिया बाबू ने बताया कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रपटों के ऊपर पानी आने से आवागमन बाधित हो गया है। ग्रामीणों को सरकारी अस्पताल समेत अन्य जरूरी कामों के लिए लंबा चक्कर लगाकर मौदहा जाना पड़ रहा है।

इस संबंध में एसडीएम कर्णवीर सिंह ने बताया कि मौदहा डैम के कुछ फाटक खोले गए हैं। इससे नदियों का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है। ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वे कराकर प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

राजकीय आईटीआई पांडु नगर में 8 अक्टूबर को लगेगा एकदिवसीय अप्रेंटिसशिप रोजगार मेला

ईएसआई चिकित्सालय आजाद नगर की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को हटाने की मांग

प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन का असर, पेंशन दिवस पर वित्त मंत्री करेंगे पेंशनर्स से संवाद