हर्निया ऑपरेशन के बाद युवक की मौत, परिजनों ने हाईवे जाम कर अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
🟡 🔴 गणेश प्रसाद द्विवेदी 🔴 🟡
प्रयागराज (हनुमानगंज)। हनुमानगंज के हबूसा मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में हर्निया का ऑपरेशन कराने आए 38 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, सराय इनायत थाना क्षेत्र के दोदापुर निवासी रामाशंकर उर्फ पप्पू (38) पुत्र स्व. रामशरण का हबूसा मोड़ स्थित तेजस हॉस्पिटल में हर्निया का ऑपरेशन हुआ था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उपचार में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए तथा कार्रवाई की मांग को लेकर प्रयागराज-वाराणसी मार्ग जाम कर अस्पताल का घेराव किया। सूचना मिलने पर सराय इनायत थाना प्रभारी, एसीपी थरवई सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और यातायात सामान्य कराया।
बताया जा रहा है कि परिजनों के अस्पताल पहुंचने से पहले ही अस्पताल का स्टाफ ताला लगाकर मौके से फरार हो गया।
मृतक रामाशंकर किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में पत्नी पूजा, दो बेटियां और सात वर्षीय एक बेटा है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आ सका है।


Comments
Post a Comment