सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मनाया गया रक्षाबंधन पर्व।
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
हमीरपुर। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को रक्षाबंधन का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीताचार्य ज्ञानेश जड़िया के नेतृत्व में सरस्वती वंदना से हुआ। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्व के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रधानाचार्य रामप्रकाश गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और राजा बलि से जुड़ी पौराणिक कथा का उल्लेख करते हुए पर्व की महत्ता बताई। आचार्य रमेश शुक्ल ने महाभारत काल में श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग का उल्लेख कर रक्षा-संकल्प की भावना पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कक्षा छह की छात्रा अदिति ने प्रधानाचार्य को रक्षा सूत्र बांधा, जबकि छात्राओं ने अपने सहपाठी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन कार्यक्रम प्रमुख आचार्या शशि गंगोला ने किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी आचार्य वेदप्रकाश शुक्ल ने दी।


Comments
Post a Comment