नवाबगंज पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, चोरी की बाइक बरामद
🟡 🔴 गणेश प्रसाद द्विवेदी 🔴 🟡
प्रयागराज। कमिश्नरेट प्रयागराज की नवाबगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद बाइक सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
एसएचओ पंकज अवस्थी ने बताया कि 28 अगस्त की रात घनाराम का पुरवा (मोहरब) के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बलजीत गौतम (35) पुत्र रामदेव, निवासी अमृक्षलालपुर पूरेघासी, थाना नवाबगंज के रूप में बताई।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच देता था और उससे प्राप्त धनराशि अपने शौक व व्यक्तिगत खर्चों पर खर्च करता था। बरामद मोटरसाइकिल (UP 70 GF 1762) 27 अगस्त को सिविल लाइंस स्थित साकेत होटल के पास से चोरी हुई थी, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध नवाबगंज एवं कर्नलगंज थानों में चोरी, धोखाधड़ी तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आकाश सचान, उपनिरीक्षक जैकी गौड़, कांस्टेबल जयप्रकाश यादव एवं रिक्रूट कांस्टेबल भानु प्रताप तिवारी शामिल रहे।

Comments
Post a Comment