भारत मुक्त टीबी अभियान में उत्कृष्ट कार्य पर डॉ. अनुराग श्रीवास्तव सम्मानित

                      🔴       🟡    राजा अवस्थी   🟡       🔴                     

फतेहपुर। जिले के चौधराना निवासी एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन तथा उत्तर प्रदेश राज्य शाखा के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को लगातार दूसरी बार "उत्कृष्ट सेवा सम्मान 2025-26" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सोमवार को राजभवन, लखनऊ में आयोजित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश की वार्षिक सामान्य बैठक में महामहिम राज्यपाल एवं राज्य शाखा की अध्यक्षा श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा उपमुख्यमंत्री एवं सभापति ब्रजेश पाठक ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर दिया।


इस अवसर पर रेडक्रॉस मुख्यालय नई दिल्ली की संयुक्त सचिव वनश्री, उपसभापति अमरनाथ मिश्र, महासचिव रामानंद कटियार तथा कोषाध्यक्ष अरुण सिंह भी उपस्थित रहे।

डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को भारत मुक्त टीबी अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली उपलब्ध कराने तथा जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

वर्ष 2025-26 के दौरान उन्होंने 851 पोषण पोटलियों का वितरण कराया। इसके अतिरिक्त 100 दिवसीय टीबी सघन जागरूकता अभियान के तहत 139 विद्यालयों एवं बस्तियों में कार्यक्रम आयोजित किए। सीपीआर प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत 46 विद्यालयों, पांच कार्यालयों तथा पीएसी के जवानों को प्रशिक्षण दिया गया।

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के तहत चिकनपॉक्स एवं डेंगू से बचाव के लिए 89,370 बच्चों, लू से बचाव हेतु 9,325 लोगों तथा कंजक्टिवाइटिस की रोकथाम के लिए 28,325 बच्चों को होम्योपैथिक औषधियां वितरित की गईं। इसके अलावा 23 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया तथा बाढ़ एवं अग्निपीड़ितों सहित विभिन्न सामाजिक सेवा कार्य भी संचालित किए गए।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने इसे रेडक्रॉस परिवार के सभी सदस्यों को समर्पित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी साथियों के सहयोग, समर्पण और आशीर्वाद का परिणाम है। समारोह में रेडक्रॉस फतेहपुर के सचिव अजीत सिंह तथा आजीवन सदस्य गोरेलाल भी उपस्थित रहे।

      

Comments

Popular posts from this blog

राजकीय आईटीआई पांडु नगर में 8 अक्टूबर को लगेगा एकदिवसीय अप्रेंटिसशिप रोजगार मेला

ईएसआई चिकित्सालय आजाद नगर की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को हटाने की मांग

प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन का असर, पेंशन दिवस पर वित्त मंत्री करेंगे पेंशनर्स से संवाद