लगातार बारिश से खेतों में जलभराव, तिल की फसल को भारी नुकसान
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
कुरारा (हमीरपुर)। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए चिंता का विषय बन गई है। बीती रात हुई तेज वर्षा के कारण कस्बा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खेतों में जलभराव हो गया, जिससे खरीफ की तिल फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण खेतों में कई स्थानों पर पानी जमा हुआ है और खड़ी फसल जलमग्न हो गई है।
किसानों चंद्रभान, कल्लू, बबलू और बद्री ने बताया कि लगातार बारिश के चलते खेतों से पानी नहीं निकल पा रहा है, जिससे तिल की फसल सड़ने लगी है। किसानों का कहना है कि इस वर्ष क्षेत्र में तिल की बुवाई बड़े रकबे में की गई थी और अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन लगातार वर्षा ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
किसानों ने प्रशासन से खेतों में जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने, फसल क्षति का सर्वे कराने तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। यदि आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा तो अन्य खरीफ फसलें भी प्रभावित हो सकती हैं।


Comments
Post a Comment