माटीकला जागरूकता शिविर में स्वरोजगार व आधुनिक तकनीकों की दी गई जानकारी
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड सुमेरपुर के ग्राम दरियापुर (प्रजापति बाहुल्य क्षेत्र) में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय द्वारा माटीकला जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पारंपरिक माटीकला व्यवसाय से जुड़े कारीगरों को आधुनिक तकनीकों, विभागीय योजनाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनोज कुमार प्रजापति रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में माटीकला बोर्ड के मंडल अध्यक्ष योगेंद्र दीक्षित, जिला कार्यसमिति सदस्य विनय मिश्रा, सुनील कुमार त्रिवेदी तथा ग्राम प्रधान आशाराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माटीकला व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने और कारीगरों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। शिविर में कारीगरों को विभागीय योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं एवं प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।
इस अवसर पर सदर विधायक ने बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराए गए विद्युत चालित चाक का संचालन कर मिट्टी के दीपक का निर्माण किया और कारीगरों का उत्साहवर्धन किया। माटीकला विशेषज्ञ देवेंद्र ने प्रतिभागियों को आधुनिक डिजाइनों के अनुरूप आकर्षक एवं उपयोगी मिट्टी के उत्पाद तैयार करने, उनकी गुणवत्ता बढ़ाने तथा प्रभावी विपणन के व्यावहारिक गुर बताए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को लंच पैकेट वितरित किए गए तथा अधिक से अधिक कारीगरों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।



Comments
Post a Comment