राठ में प्रतिबंधित गुटखे का धंधा जारी, कार्रवाई न होने से उठे सवाल
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
राठ (हमीरपुर)। शासन स्तर पर प्रतिबंध और सख्ती के दावों के बावजूद राठ कस्बे में प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त गुटखे का कारोबार बेखौफ जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार में खुलेआम गुटखा बेचा जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाए हैं।
बताया जा रहा है कि प्रतिबंधित गुटखे की खेप रोजाना सुबह एक नीले रंग की वैन सहित अन्य वाहनों के जरिए कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचाई जाती है। इसके बाद विभिन्न दुकानों पर इसकी आपूर्ति कर दी जाती है। यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जहां सरकारी आदेशों की अवहेलना हो रही है, वहीं युवाओं की सेहत पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। गुटखे की बढ़ती खपत से कैंसर समेत अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अवैध सप्लाई की पुष्टि होती है तो इसमें शामिल कारोबारियों, सप्लायरों व संरक्षण देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही जीएसटी चोरी और अन्य वित्तीय अनियमितताओं की भी जांच की मांग की गई है।


Comments
Post a Comment