राठ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 48 घंटे में ट्रैक्टर चोरी का खुलासा, आरोपी युवक ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
राठ (हमीरपुर)। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चोरी की घटना का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है।
महोबा जनपद के चरखारी थाना क्षेत्र के बम्हौरी बेलदारन निवासी हरिसिंह पाल ने 29 जुलाई को कोतवाली राठ में तहरीर देकर बताया था कि उनका महिंद्रा 265 डीआई लाल रंग का ट्रैक्टर, जो सिकंदरपुरा-चरखारी रोड स्थित उनके किराये के मकान के बाहर खड़ा था, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सुरागरसी के दौरान पुलिस ने पवन यादव (19) निवासी ग्राम लिधौरा थाना मझगवां को पनवाड़ी रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के आगे से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गया ट्रैक्टर बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।


Comments
Post a Comment