बेतवा पुल निर्माणाधीन स्थल पर बड़ा हादसा, छह मजदूरों की मौत।

                   🔴       🟡  अजय कुमार गुप्ता 🟡       🔴                   

🔴 तेज आंधी और बारिश के बीच स्लैब ढहने से हादसा, तीन मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया।

हमीरपुर। जनपद में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में छह मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि तीन मजदूरों को एनडीआरएफ टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।


हादसा थाना ललपुरा क्षेत्र के ग्राम मोराकांदर और थाना कुरारा क्षेत्र के ग्राम कंडौर के बीच निर्माणाधीन पुल पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

बताया गया कि पुल का निर्माण द शेल्टर कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। घटना के समय मजदूर पुल के स्लैब वाले हिस्से में सो रहे थे। देर रात तेज आंधी और बारिश के बीच अचानक स्लैब भरभराकर गिर गया, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए।

एनडीआरएफ टीम ने पुल के पिलर पर फंसे तीन मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इनमें अवधेश निषाद निवासी भूरागढ़ बांदा, कल्लू यादव निवासी भूरागढ़ बांदा तथा राजेश निषाद निवासी नरैनी बांदा शामिल हैं।

हादसे में मृत मजदूरों की पहचान लोकेंद्र (22) पुत्र राधेश्याम निषाद निवासी चिल्ला बांदा, कुलदीप (19) पुत्र प्रेमचंद निषाद निवासी चिल्ला बांदा, सावंत यादव (28) निवासी भूरागढ़ बांदा, सभाजीत (30) पुत्र गयादीन निवासी भूरागढ़ बांदा, पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी स्वासा खुर्द थाना ललपुरा हमीरपुर तथा राजेश पाल (42) पुत्र सभाजीत निवासी अछपुरा थाना ललपुरा हमीरपुर के रूप में हुई है।

प्रशासन के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

राजकीय आईटीआई पांडु नगर में 8 अक्टूबर को लगेगा एकदिवसीय अप्रेंटिसशिप रोजगार मेला

कमीशन वृद्धि और बकाया भुगतान के लिये गरजे कोटेदार

पेंशनर्स 15 जुलाई को अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करेंगे