जल व पर्यावरण संरक्षण तथा सीपीआर प्रशिक्षण पर जागरूकता अभियान आयोजित।
🔴 🟡 राजा अवस्थी 🟡 🔴
फतेहपुर। आज दिनांक 18 अप्रैल 2026 को प्रातः 9 बजे इंडियन रेडक्रास सोसाइटी एवं आरोग्य भारती के तत्वावधान तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में आनंद बिहारी मेमोरियल इंटर कॉलेज, बनरसी में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं सीपीआर प्रशिक्षण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य, आरोग्य भारती कानपुर प्रांत के पर्यावरण प्रमुख एवं जिला सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ‘वाटर बेल’ लगाने, अनावश्यक जल व्यय रोकने तथा आरओ से निकलने वाले व्यर्थ पानी को एकत्र कर उपयोग में लाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीणों को भी जल के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत डॉ. श्रीवास्तव ने पॉलीथीन के दुष्प्रभाव बताते हुए ‘इकोब्रिक्स’ बनाने की विधि समझाई, जिससे प्लास्टिक कचरे का पुनः उपयोग कर पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सके।
इसके पश्चात उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि एक वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को 30 बार छाती पर दबाव एवं 2 बार कृत्रिम श्वास देकर तथा एक वर्ष से कम आयु के शिशु को 15 बार दबाव एवं 2 बार श्वास देकर समय रहते जीवन बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के बच्चों ने बनरसी गांव में जल संरक्षण जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान “पानी बचाओ, जीवन बचाओ” एवं “जल है तो कल है” जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार शुक्ला, शिक्षक राघवेंद्र, कृष्णचंद्र पाल, शिवानी तिवारी, सौम्या मिश्रा तथा इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के सदस्यता प्रमुख सुरेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




Comments
Post a Comment