एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले में 322 युवाओं को मिला रोजगार
🔴 🟡 जी0 के0 खरे 🟡 🔴
कानपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत “नव निर्माण के नौ वर्ष” कार्यक्रम के उपलक्ष्य में बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय कानपुर एवं उत्तम प्राइवेट आईटीआई, सनिगवां रोड कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर प्रमिला पाण्डेय एवं सहायक सेवायोजन अधिकारी हिमांशु यादव द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर संस्थापक अशोक शर्मा एवं प्रबंधक उर्मिला शर्मा ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।
महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं के करियर निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं को अपने कौशल को निखारने का आह्वान किया।
सहायक सेवायोजन अधिकारी हिमांशु यादव ने सेवायोजन पोर्टल की उपयोगिता एवं आउटसोर्सिंग भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को रोजगार उपलब्ध कराना है।
रोजगार मेले में फुरुकावा मिंडा इलेक्ट्रिक, एएस वर्ड ग्रुप, श्रीराम फाइनेंस, टीम लीज सर्विस लिमिटेड, हिटाची कैश मैनेजमेंट, ग्रो फास्ट फर्टिलाइजर, सिग्मा स्टाफिंग सॉल्यूशन, मेटल एम फैबटेक, एडुवांटेज प्राइवेट लिमिटेड, वर्धमान टेक्सटाइल, ब्लिंकिट, एप्टिव इंडिया, बीकेटी टायर्स सहित कई कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
मेले में कुल 524 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 322 युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता एवं साक्षात्कार के आधार पर ₹10,000 से ₹26,000 मासिक वेतन पर शॉर्टलिस्ट किया गया।
इस अवसर पर एचओडी आशीष मिश्रा सहित सेवायोजन कार्यालय के सतीश पांडेय, क्षेम अग्निहोत्री, शैलेन्द्र कुमार, अजय कुमार शुक्ला, प्रशांत कुमार एवं शिव शंकर सिंह ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।


Comments
Post a Comment