कानपुर: गैस एजेंसियों की लापरवाही पर पेंशनर्स फोरम सख्त, आंदोलन की चेतावनी।
🔴 🟡 जी0 के0 खरे 🟡 🔴
कानपुर। पेंशनर्स फोरम की कार्यकारिणी की आपातकालीन बैठक रविवार को गोविंद नगर स्थित चित्रगुप्त धर्मशाला में अध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर में गैस की किल्लत और एजेंसियों की लापरवाही पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
महामंत्री आनंद अवस्थी ने कहा कि गैस की कमी और अव्यवस्था के चलते केंद्र व राज्य सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारी भारी मानसिक तनाव और परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद एजेंसियां ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं के घर सिलेंडर की आपूर्ति नहीं कर रहीं, जिससे एजेंसियों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।
बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो एजेंसियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों की होगी।
राजकीय पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बी.एल. गुलाबिया ने प्रशासन से मांग की कि बुकिंग के तुरंत बाद घर-घर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा एजेंसियों पर वितरण बंद कर नियमित निगरानी की जाए।
बैठक में पी.एस. बाजपेई, उमाशंकर दीक्षित, आर.के. कटियार, कपिल देव, ओंकार सिंह, उमेश शुक्ला, एस.के. शुक्ला, सुरेंद्र सिंह, आर.पी. वर्मा, अशोक कुमार, सत्य नारायण, अशोक कुमार मिश्रा, आर.पी. श्रीवास्तव (एडवोकेट), सरदार इंद्रजीत सिंह गिल, सुभाष भाटिया, भानु प्रकाश निगम, विनय कुमार उपाध्याय, रविंद्र कुमार मधुर सहित सैकड़ों पेंशनर्स उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment