त्योहारों के मद्देनज़र एएसपी ने कराया दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल अभ्यास
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
हमीरपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड ग्राउंड में गठित जोनल दंगा नियंत्रण टीम के साथ दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल का व्यापक अभ्यास कराया गया।
अभ्यास का उद्देश्य दंगा नियंत्रण संबंधी तैयारियों की समीक्षा करना तथा पुलिस बल को आधुनिक दंगा निरोधी उपकरणों एवं रणनीतियों से अवगत कराना था। इस दौरान एंटी-राइट गन, रबर बुलेट, अश्रु गैस गोले, ग्रेनेड, डंडा, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, कैन शील्ड, हैंड गार्ड एवं लेग गार्ड सहित विभिन्न उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन किया गया।
ड्रोन सर्विलांस टीम को स्थिति की सतत निगरानी कर वास्तविक समय में सूचनाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। फ्रंटलाइन पार्टी को भीड़ नियंत्रण, अश्रु गैस एवं ग्रेनेड ऑपरेशन टीम को उपद्रवी भीड़ को तितर-बितर करने तथा जल तोप टीम को आवश्यकता पड़ने पर जल तोप के प्रयोग हेतु प्रशिक्षित किया गया।
इसके अतिरिक्त मेडिकल एवं राहत टीम को प्राथमिक उपचार, संचार एवं वायरलेस टीम को समन्वय तथा यातायात टीम को जाम एवं अवरोध रोकने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद पुलिस त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व, प्रभारी यातायात सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


Comments
Post a Comment