स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैजनाथ सिंह स्मृति द्वार का अनावरण, तिरंगा यात्रा के साथ हुआ भव्य आयोजन
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
कुरारा (हमीरपुर), 27 फरवरी।
विकास खंड क्षेत्र के जल्ला गांव में कंडोर निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैजनाथ सिंह की स्मृति में निर्मित भव्य स्मृति द्वार का अनावरण प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने तिरंगा फहराकर किया। इस अवसर पर ब्लॉक मुख्यालय से कार्यक्रम स्थल तक देशभक्ति गीतों के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
कंडोर गांव निवासी रामसहाय सिंह के दो पुत्र—बेनी सिंह और बैजनाथ सिंह—थे। बेनी सिंह के चार पुत्र महराज सिंह, जगत सिंह, जगनायक सिंह और कल्याण सिंह हैं। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैजनाथ सिंह के चार पुत्र जगरूप सिंह, शिवनायक सिंह, लोकेंद्र सिंह तथा महंत गोकुल दास हैं। महंत गोकुल दास मवई जार स्थित मंदिर में महंत के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम के संयोजक उमाकांत सिंह, जो बैजनाथ सिंह के प्रपौत्र हैं, ने जल्ला से कंडोर मार्ग पर अपने पूर्वज की स्मृति में इस स्मारक द्वार का निर्माण कराया है। अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में इस प्रकार के कार्य युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि देशहित के कार्यों में युवा वर्ग को आगे आना चाहिए।
पूर्व मंत्री कुंवर बादशाह सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया। दिलीप सिंह ने कहा कि गांवों में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में बनने वाले स्मारकों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बैजनाथ सिंह के जीवन पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। तिरंगा यात्रा ब्लॉक स्थित शहीद स्तंभ से प्रारंभ होकर कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई। आयोजन क्रांतिकारी दीवान शत्रुघ्न सिंह प्रेरणा संस्थान के तत्वावधान में हुआ।
इस अवसर पर विधायक सदर डॉ. मनोज प्रजापति, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, चेयरमैन कुलदीप निषाद, ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल, प्रधान कंडोर उमाशंकर वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में अनिरुद्ध प्रताप सिंह उर्फ मुन्नू सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पारा, कंडोर, जल्ला सहित आसपास के गांवों के लोग भारी संख्या में मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना पुलिस तैनात रही।




Comments
Post a Comment