विष्णु महायज्ञ का पूर्णाहुति व विशाल भंडारे के आयोजन के साथ हुआ समापन
अजय कुमार गुप्ता
कुरारा (हमीरपुर)।
विकास खंड क्षेत्र के झलोखर गांव में आयोजित विष्णु महायज्ञ का भव्य समापन पूर्णाहुति के साथ किया गया। इस अवसर पर गांव व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समापन समारोह के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस महायज्ञ के दौरान एक सप्ताह तक अयोध्या से पधारे कथा व्यास शिवम जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
यज्ञाचार्य बृजेश तिवारी द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पूर्णाहुति संपन्न कराई गई। समापन अवसर पर सर्वप्रथम संतों और कन्याओं को भोजन कराया गया तथा संतों को कंबल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें झलोखर गांव सहित आसपास के कई गांवों के लोगों ने भाग लिया।
इस आयोजन में श्रीमद्भागवत कथा के यजमान दीपिका व राजकुमार भारद्वाज तथा यज्ञ के यजमान जयकला व शिरोमणि गर्ग रहे। कार्यक्रम में ओमप्रकाश गुप्ता, दीपेंद्र सिंह, प्रज्वल द्विवेदी, अनमोल सिंह, सूर्या सिंह, विराट सिंह, पवन गुप्ता, गिरधर गुप्ता, करन सिंह, लल्लूराम विश्वकर्मा, गुरुचरण श्रीवास, सत्यभूषण दीक्षित, सुशील शुक्ला, गोल्डी श्रीवास्तव, श्रीकांत शुक्ला, शिवम गुप्ता सहित अनेक ग्रामीणों ने सहयोग किया। भंडारा देर शाम तक चलता रहा।


Comments
Post a Comment