सुमेरपुर वायरल वीडियो कांड में बड़ी कार्रवाई की आशंका
अजय कुमार गुप्ता
👉 प्रशासनिक जिम्मेदार दिनभर करते रहे मथन।
सुमेरपुर (हमीरपुर)
कस्बे में 15 जनवरी को सामने आए लव जिहाद, गैंगरेप और धर्मांतरण के दबाव से जुड़े मामले के बाद शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी होती रही। दिनभर अधिकारियों की बैठक और रणनीति पर मंथन चलता रहा, जिसकी चर्चा पूरे कस्बे में होती रही। लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी रहीं।
जानकारी के अनुसार, कस्बे के अबान उर्फ अफान खान ने एक हिंदू किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और धर्मांतरण का दबाव डाला। किशोरी के इनकार करने पर 14 जनवरी को आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे कस्बे का माहौल बिगड़ गया।
15 जनवरी को हिंदूवादी संगठनों ने बाजार बंद कराकर हाईवे जाम किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर अबान उर्फ अफान खान और उसके पिता मौलाना खान सहित अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उसी शाम मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया।
पीड़िता ने अदालत में चार आरोपियों के नाम बताए हैं, जिनमें से पिता-पुत्र और एक बाल अपचारी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
शनिवार को एसडीएम सदर केडी शर्मा, सीओ सदर राजेश कमल सहित प्रशासनिक अधिकारी थाने पहुंचे और एनएचआई की टीम तथा राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ घंटों बैठक की। हालांकि अधिकारियों ने किसी भी कार्रवाई पर खुलकर कुछ नहीं कहा, लेकिन कस्बे में यह चर्चा तेज रही कि जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment