27 दिसंबर को निकलेगा मरकज़ी जुलूस-ए-गरीब नवाज़ : क़ाज़ी-ए-शहर

                                          आसिफ कुरैशी                                      

कानपुर, 24 दिसंबर।

मरकज़ी जुलूस-ए-गरीब नवाज़ की तैयारियों को लेकर रजबी रोड स्थित खानकाहे हुसैनी में क़ाज़ी-ए-शहर मुफ्ती मोहम्मद साकिब अदीब मिस्बाही की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ नायब शहर क़ाज़ी सगीर आलम हबीबी ने क़ुरआन-ए-पाक की तिलावत से किया।


क़ाज़ी-ए-शहर ने कहा कि जुलूस पूरी तरह अदब-ओ-एहतराम के साथ निकाला जाए। किसी भी प्रकार के सियासी या आपत्तिजनक नारे न लगाए जाएं और ऐसा कोई कार्य न हो जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे। सभी संगठनों के जिम्मेदारों से अपील की गई कि 10 फीट से अधिक ऊंचे झंडे न लाएं, लकड़ी की छड़ का ही प्रयोग करें तथा लंगर हाथ में ही वितरित करें।

उन्होंने कहा कि डीजे का प्रयोग न किया जाए, साउंड ट्रालियों में मानक के अनुसार ही स्पीकर व हार्न लगाए जाएं। जुलूस में पैदल चलें, ट्राली या छोटे हाथी पर सवार न हों। गानों की धुनों पर आधारित नातें न बजाई जाएं और उन पर नृत्य से परहेज़ करें। प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए अफवाहों से दूर रहने की भी अपील की गई।

खादिम खानकाहे हुसैनी इखलाक अहमद डेविड चिश्ती ने बताया कि खानकाहे हुसैनी के ज़ेरे-एहतेमाम, क़ाज़ी-ए-शहर की सरपरस्ती में परंपरागत मरकज़ी जुलूस-ए-गरीब नवाज़ 27 दिसंबर, दिन शनिवार, को ज़ोहर की नमाज़ के बाद खानकाहे हुसैनी, कर्नलगंज (ऊँची सड़क) से रवाना होगा।

जुलूस कर्नलगंज लकड़मंडी, यतीमखाना, दादामियाँ चौराहा, दलेल पुरवा, इफ्तिखाराबाद, बाँसमंडी चौराहा, तिकुनियां पुरवा, हलीम कॉलेज चौराहा, शफीयाबाद मस्जिद, मोहम्मदी अली पार्क, गुलाब घोसी मस्जिद, गरीब नवाज़ मस्जिद (रूपम चौराहा), रहमानी मार्केट, मोहम्मदी मस्जिद, तिकुनियां पार्क, नीली पोश रोड, बजरिया मैदान, चूड़ी मोहाल, कारी साहब का पार्क होते हुए लालइमली चौराहा स्थित जीआईसी मैदान में सम्पन्न होगा।

खादिम खानकाहे हुसैनी अफज़ाल अहमद ने जुलूस मार्गों की साफ-सफाई एवं जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग नगर आयुक्त से की।

बैठक में मुफ्ती रफी अहमद निज़ामी, मौलाना गुलाम मुस्तफा रिज़वी, महबूब आलम खान, हाफ़िज़ मोहम्मद कफील, फाजिल अहमद चिश्ती, इस्लाम खान आज़ाद, एजाज रशीद, परवेज़ आलम वारसी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

राजकीय आईटीआई पांडु नगर में 8 अक्टूबर को लगेगा एकदिवसीय अप्रेंटिसशिप रोजगार मेला

जल निगम के पेंशनर्स की पेंशन को लेकर श्रम प्रकोष्ठ के संयोजक को ज्ञापन सौंपा

कमीशन वृद्धि और बकाया भुगतान के लिये गरजे कोटेदार