शक्ति सृजन यात्रा के तहत कौशांबी पहुंची सनातन प्रचारक हर्षा रिछारिया
अनय कुमार श्रीवास्तव
कौशांबी। महाकुंभ 2025 के दौरान सुर्खियों में आईं सनातन प्रचारक हर्षा रिछारिया रविवार को शक्ति सृजन एक यात्रा के तहत कौशांबी पहुंचीं। उन्होंने भरवारी कस्बे स्थित लखन लाल रिजॉर्ट में राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान जरूरतमंदों को कंबल भी वितरित किए।
हर्षा रिछारिया ने कहा कि सनातन की अलख जगाने के उद्देश्य से उन्होंने यह अभियान शुरू किया है, जिसके तहत वह देश के हर छोटे-बड़े हिस्से में जाकर कार्यक्रम आयोजित करेंगी। उन्होंने बताया कि शक्ति सृजन एक यात्रा युवाओं, महिलाओं और बेटियों के अंदर निहित दैवी शक्ति को जागृत करने का मिशन है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि देश का युवा वर्ग नशे, धर्म परिवर्तन और लव जिहाद जैसी सामाजिक बुराइयों के कारण सोशल मीडिया की गंदगी का शिकार हो रहा है। उन्हें पुनः धर्म, संस्कारों और परिवार से जोड़ना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार पर उन्होंने कहा कि हम वहां के पीड़ित हिंदुओं के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। भविष्य में भारत में ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए भी हमारा यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से अपेक्षा की कि वह बांग्लादेश में पीड़ित अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ठोस कदम उठाए।

Comments
Post a Comment