जिले में चल रहे एस आई आर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने वोट काटने के गंभीर आरोप लगाए
अनय श्रीवास्तव
O कौशाम्बी। जिले में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दलित, पिछड़े और मुसलमान समुदाय के मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और प्रशासन के कुछ अधिकारी भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं और बिना समुचित प्रशिक्षण के ही BLO को क्षेत्र में भेज दिया गया है, जिससे मतदाताओं को सहायता के बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी SIR की आड़ में हो रही अनियमितताओं का लगातार विरोध कर रही है और आगे भी विरोध जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में ASD (Absent, Shifted, Dead) श्रेणी के नाम पर हजारों मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जिनमें अधिकतर कांग्रेस विचारधारा वाले मतदाता हैं।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव हंजला उस्मानी ने आरोप लगाया कि इस बार मतदाता सूची को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें से बड़ी संख्या में लोगों के नाम ‘सी श्रेणी’ में डाल दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब संबंधित व्यक्ति अपने दस्तावेज लेकर BLO से संपर्क करता है तो उसे टाल दिया जाता है। उस्मानी ने उदाहरण देते हुए कहा कि सिराथू तहसील के नगर पालिका परिषद भरवारी के अंतर्गत चमरूपुर गांव—जो नगर पालिका अध्यक्ष का ही गांव है—वहाँ लगभग 1900 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटवा दिए गए हैं। उनके अनुसार, ऐसे अनेक गांव हैं जहाँ बड़ी संख्या में नाम सी श्रेणी में डाल दिए गए हैं।
जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने इसी तरह की कार्रवाई पहले महाराष्ट्र और बिहार में की थी और अब उत्तर प्रदेश में भी वही “कवायद” शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को भरवारी में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव की उपस्थिति में SIR पर समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बूथ स्तर पर अपने BLA नियुक्त किए हैं, लेकिन BLO उनकी बात सुनने तक को तैयार नहीं हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।

Comments
Post a Comment