जिले में मौरंग माफियाओं का बोलबाला
अजय कुमार गुप्ता
👉 सपा सांसद ने उठाए सवाल — विभागों की मिलीभगत से हो रहा अवैध खनन।
हमीरपुर। जिले में मौरंग माफियाओं का आतंक एक बार फिर सुर्खियों में है। समाजवादी पार्टी के सांसद अर्जेंद्र सिंह लोधी ने प्रशासनिक मशीनरी पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि खनिज और परिवहन विभाग की मिलीभगत से जिले में अवैध खनन का कारोबार खुलेआम चल रहा है।
सांसद ने आरोप लगाया कि बेतवा और यमुना नदियों में भारी मशीनों से मौरंग की खुदाई कराई जा रही है। नदी की धाराओं में पुल बनाकर खनन कराना एनजीटी के नियमों का खुला उल्लंघन है। अवैध खनन से निकले ओवरलोड ट्रकों की कतारें एआरटीओ कार्यालय तक दिखती हैं, लेकिन अधिकारी मौन हैं।
सांसद ने कहा, “हमीरपुर में मौरंग माफियाओं का आतंक चरम पर है। खनिज और परिवहन विभाग माफियाओं के आगे नतमस्तक हो चुके हैं।”
उन्होंने सरकार से उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सपा कार्यकर्ता आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ओवरलोड ट्रकों से सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी है और धूल-धुआँ फैलने से लोगों का जीना दूभर हो गया है। अब देखना यह है कि सांसद के आरोपों के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।


Comments
Post a Comment