प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था पर ली समीक्षा बैठक
अजय कुमार गुप्ता
हमीरपुर: कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में राज्य मंत्री जलशक्ति विभाग एवं प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जयन्ती राजपूत और विधायक राठ श्रीमती मनीषा अनुरागी भी उपस्थित रहीं।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण, सीएम डैशबोर्ड पर विभागों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति, विद्युत आपूर्ति, सड़क गड्डामुक्ति, स्वास्थ्य व्यवस्था, कानून व्यवस्था, मिशन शक्ति, गौशालाओं की स्थिति आदि पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आवश्यकतानुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जाए, ट्यूबवेल एवं पंप कैनाल पर विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनी रहे, और प्रत्येक गांव सड़क से जुड़ा हो।
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, सरकारी डॉक्टरों की निगरानी, गौशालाओं में गौवंश की सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने जनपद की विशेष उपलब्धियां और पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने कानून व्यवस्था की स्थिति पर जानकारी दी। बैठक में नगरपालिका चेयरमैन कुलदीप निषाद, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विजय शंकर तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक एम.के. गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, एसडीएम सदर के.डी. शर्मा सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment