राठ में एक दिन की विधायक बनी छात्रा नमी गुप्ता, फरियादियों की सुनी समस्याएं
अजय कुमार गुप्ता
राठ (हमीरपुर) – मिशन सशक्तिकरण 5.0 के अंतर्गत इंटरमीडिएट की छात्रा नमी गुप्ता ने राठ विधानसभा क्षेत्र में एक दिन के लिए विधायक का पद संभाला। क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी ने प्रतीकात्मक रूप से पद ग्रहण कराते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपा।
पद संभालते ही नमी गुप्ता ने जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनी। जलालपुर थाना क्षेत्र के रिरुआ गांव निवासी बृजेंद्र कुमार ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उसके पुत्र का एक्सीडेंट हुआ था, लेकिन पुलिस की उदासीनता के चलते मुआवजा नहीं मिल पाया। छात्रा विधायक ने थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा, अन्य फरियादियों की समस्याओं को भी सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के निर्देश जारी किए गए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रवेश तिवारी और अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस पहल से छात्राओं में सशक्तिकरण और राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं के शीघ्र समाधान का संदेश भी गया।


Comments
Post a Comment