लोक निर्माण विभाग द्वारा चिंहित भूमि पर होगा नाला निर्माण
अजय कुमार गुप्ता
सुमेरपुर/हमीरपुर : कस्बे के धर्मेश्वर बाबा मुहाल में बांदा मार्ग किनारे बन रहे नाला में विवाद उत्पन्न होने के बाद लोगों की शिकायत पर सदर विधायक मौके पर पहुंचे और नगर पंचायत अध्यक्ष आदि से वार्ता करके कहा कि पीडब्ल्यूडी द्वारा तय किए गए मानको पर ही नाला निर्माण का कार्य शुरू होगा।
जल निकासी के ठोस प्रबंधन के लिए नगर पंचायत ने कस्बे के धर्मेश्वर बाबा मुहाल के मध्य से गुजरे बांदा मार्ग के दोनों तरफ नाला निर्माण का टेंडर स्वीकृत किया है। निर्माण के लिए खुदाई का कार्य शुरू होते ही लोगों ने आपत्ति खड़ी कर दी है। लोगों ने नगर पंचायत पर भेदभाव का आरोप लगाकर शिकायत सदर विधायक डा. मनोज कुमार प्रजापति से की थी। शुक्रवार को सदर विधायक दोपहर बाद मौके पर पहुंचे। यहां पर राम बिहारी कुशवाहा, शिवमंगल तिवारी, राघवेंद्र सिंह, सत्यदेव सिंह, जयप्रकाश गुप्ता, जयकरन साहू आदि सैकड़ो लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेंद्र शिवहरे, अधिशासी अधिकारी दिनेश आर्य के समक्ष भेदभाव करके निर्माण कराने का आरोप लगाया। लोगों की समस्या सुनने के बाद सदर विधायक ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से वार्ता करके कहा कि पीडब्ल्यूडी द्वारा तय किए गए मानक के बाद ही निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रविवार को सुबह पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर आएंगे। उनके समक्ष समस्या का समाधान निकाल कर निर्माण को हरी झंडी दी जाएगी। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि कुछ भी नियम विरुद्ध नहीं किया जाएगा। नियमों की हद में रहकर ही निर्माण कराया जाएगा।

Comments
Post a Comment