सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
👉 गड्डायुक्त सड़कों से बरसात में निकलना दूभर, तहसील दिवस में पहुंच कर सौंपा
ब्यूरो हमीरपुर अजय कुमार गुप्ता
मौदहा/हमीरपुर, आज सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क बनवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। नदी के उस पार बसे गांव तक पहुंचने के लिए पहले तो पुल का निर्माण किया गया, लेकिन सड़क का निर्माण अभी तक नहीं हो सका है। यह स्थिति ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन चुकी है, क्योंकि तीन किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना उन्हें भारी पड़ रहा है।मौदहा तहसील क्षेत्र के छिमौली गांव में जहां के ग्रामीण चंद्रावल नदी को पार कर मौदहा तक पहुंचते हैं। कुछ दिन पहले चंद्रावल नदी पर पुल बनवाया गया था, लेकिन सड़क का निर्माण अब तक नहीं हो सका। इस बदहाल रास्ते में गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे कोई वाहन भी गांव तक नहीं पहुंच पाता।
ग्रामीणों ने आज तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बरसात से पहले सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सड़क का निर्माण नहीं हुआ, तो आने-जाने में और भी परेशानी होगी।मौदहा से छिमौली जाने वाली सड़क पर दो कांशीराम कालोनियां और आईटीआई कॉलेज भी स्थित हैं। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और छात्रों को भी इस बदहाल सड़क से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस सड़क का निर्माण और भी जरूरी हो गया है। सड़क निर्माण की यह मांग ग्रामीणों के लिए एक अहम मुद्दा बन चुकी है। अब यह प्रशासन पर निर्भर करता है कि वह इस महत्वपूर्ण समस्या का समाधान कब तक करता है।

Comments
Post a Comment