सड़क किनारे खड़े टैक्टर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, चालक की हुई मौत व साथी व्यक्ति हुआ गम्भीर रूप से घायल
ब्यूरो हमीरपुर अजय कुमार गुप्ता
हमीरपुर, जनपद में राठ कोतवाली क्षेत्र के साईं मंदिर के पास सड़क के किनारे खड़े टैक्टर से तेज रफ्तार एक मोटरसाइकिल जा टकराई। जिससे हुए हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई तथा बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज हेतु राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उरई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं घटना की जानकारी लगते ही मृतक युवक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। जानकारी के अनुसार राठ कोतवाली क्षेत्र के अकौना गांव का निवासी 19 वर्षीय युवक स्वदेश पुत्र कल्लू जो कि गाँव के ही निवासी अपने 20 वर्षीय साथी शनि पुत्र जयसिंह के साथ राठ कस्बे के कोट बाजार इलाके में कपड़े की खरीदारी करने के लिए आया हुआ था। तथा राठ से वापस अपने गाँव अकौना लौटने के दौरान रास्ते में राठ कोतवाली क्षेत्र के साईं मंदिर के पास गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क के किनारे खड़े टैक्टर से जा टकराई। जिससे हुए हादसे में बाइक पर सवार युवक स्वदेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तथा पीछे बैठा युवक शनि गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज हेतु राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उरई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक स्वदेश अपने माता-पिता का एकलौती संतान था तथा उसकी शादी भी इसी माह की आगामी 18 दिसंबर को होना सुनिश्चित थी। बताया कि मृतक स्वदेश अपने पिता के साथ खेती किसानी कर अपने परिवार के भरण पोषण में सहयोग करता था। वहीं अचानक हुई इस घटना से मृतक युवक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है तथा मृतक युवक की मां उषा सहित अन्य सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।

Comments
Post a Comment