करंट से युवक की मौत के बाद उग्र प्रदर्शन, मुआवजे और कार्रवाई की मांग

                   🟡       🔴  गणेश प्रसा द्विवेदी  🔴       🟡                   

मांडा। क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते करंट लगने से गंभीर रूप से घायल युवक जितेंद्र यादव की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।


मृत्यु से आक्रोशित ग्रामीणों एवं ग्राम पंचायत युवा टीम के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में मांडा पावर हाउस का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

घटनास्थल पर पहुंचे एसडीओ मांडा एवं थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर जोर दिया।

स्थिति को देखते हुए प्रदर्शनकारियों ने पैदल मार्च निकालते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक जाने का निर्णय लिया।

बाद में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बाबा तिवारी के हस्तक्षेप से प्रदर्शन को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।

ग्राम पंचायत युवा टीम ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।

      

Comments

Popular posts from this blog

राजकीय आईटीआई पांडु नगर में 8 अक्टूबर को लगेगा एकदिवसीय अप्रेंटिसशिप रोजगार मेला

कमीशन वृद्धि और बकाया भुगतान के लिये गरजे कोटेदार

ईएसआई चिकित्सालय आजाद नगर की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को हटाने की मांग