वांछित चोर गिरोह गिरफ्तार, आभूषण व नगदी बरामद
🟡 🔴 गणेश प्रसाद द्विवेदी 🔴 🟡
प्रयागराज (हनुमानगंज/सराय इनायत)। सराय इनायत पुलिस व एसओजी सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित चल रहे चोर गिरोह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण व नगदी भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व अन्दाव स्थित एक आभूषण की दुकान में रात के समय चोरी की घटना हुई थी, जिसमें सोने-चांदी के जेवरात व नकदी पार कर दी गई थी। इस संबंध में सराय इनायत थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
गुरुवार को संयुक्त पुलिस टीम ने रिंग रोड रेलवे लाइन अंडरपास के पास से प्रीतम सिंह, सुरेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह व बृजेश कुमार सोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान क्षेत्रों में स्थित ज्वेलरी दुकानों व बंद मकानों के ताले व शटर तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए आभूषणों को बृजेश कुमार सोनी को बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ सराय इनायत के अलावा होलागढ़ व हंडिया क्षेत्रों में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुखचैन सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रजनीश सिंह, उपनिरीक्षक नवनीत प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक मनोज यादव, हेड कांस्टेबल राजीव पांडे व हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।


Comments
Post a Comment