महिला जागरूकता शिविर में अधिकारों व योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
हमीरपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनीता गुप्ता 22 जुलाई 2026 (बुधवार) को जनपद का दौरा करेंगी।
इस दौरान अपराह्न 1 बजे कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में महिला जागरूकता शिविर एवं महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा भी की जाएगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि शिविर में महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं सशक्तिकरण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
उन्होंने जनपद की समस्त पीड़ित महिलाओं एवं आवेदिकाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर अपनी समस्याएं सीधे राज्य महिला आयोग की सदस्य के समक्ष रखें, जिससे उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Comments
Post a Comment