गहरे गड्ढे से राहगीर परेशान, आए दिन बाइक सवार हो रहे घायल
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
कुरारा (हमीरपुर):
कस्बा कुरारा के मुख्य बस स्टैंड से थाना मार्ग की ओर जाने वाली सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
बताया जाता है कि मुख्य बस स्टैंड हमीरपुर से थाना होते हुए भौली रोड जाने वाली इंटरलॉकिंग सड़क पर, बस स्टॉप से आगे गेट के सामने सड़क धंस जाने से गहरा गड्ढा बन गया है। बरसात के मौसम में इसमें पानी और कीचड़ भर जाता है, जिससे यह और अधिक खतरनाक हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को एक महिला बाइक से उछलकर गिर गई थी, जिससे उसे चोटें आईं। इससे पहले इसी गड्ढे में एक ई-रिक्शा पलट चुका है, जिसमें एक महिला की दबकर मौत हो गई थी। वहीं, एक महिला पुलिसकर्मी भी स्कूटी से गिरकर घायल हो चुकी हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस गड्ढे के कारण हर दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत कर इंटरलॉकिंग कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।

Comments
Post a Comment