करंट लगने से हेड कांस्टेबल की मृत्यु, विभाग में शोक की लहर।
🔴 🟡 अनय श्रीवास्तव 🟡 🔴
।बाथरूम के दरवाजे में उतरे करंट की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल की मौत, पुलिस महकमे में शोक
मृतक की फाइल फोटो
कौशाम्बी। जिले के सैनी थाना में तैनात हेड कांस्टेबल निरंजन कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैनी थाना में तैनात हेड कांस्टेबल निरंजन कुशवाहा अपने आवास पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वह बाथरूम में गए थे, जहां किसी कारणवश बाथरूम के दरवाजे में विद्युत करंट उतर आया।
इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। काफी देर तक बाहर न आने और मोबाइल फोन पर संपर्क न होने से परिजनों को चिंता हुई। परिजनों द्वारा लगातार फोन किए जाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो इसकी सूचना थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद जब बाथरूम का दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया।
वहां हेड कांस्टेबल निरंजन कुशवाहा अचेत अवस्था में पड़े मिले। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों सहित सहकर्मी अस्पताल पहुंच गए। मृतक के निधन से थाना परिसर में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
बताया जाता है कि निरंजन कुशवाहा मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी थे और लंबे समय से पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हेड कांस्टेबल के असामयिक निधन की खबर से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है।


Comments
Post a Comment