दो बाइकों की टक्कर में एक की मौत,तीन घायल
ब्यूरो हमीरपुर अजय कुमार गुप्ता
राठ/हमीरपुर , राठ कोतवाली क्षेत्र के सैना रोड पर दो बाइकों के बीच तेज रफ्तार में हुई भीषण टक्कर में एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस ने घायलों को राठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।राठ कस्बे के बुधौलियाना इलाके के निवासी 50 वर्षीय बृजमोहन कुशवाहा अपने साथी कपिल (25) के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बृजमोहन कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार कंधीलाल (40) और मोहित (22) भी घायल हो गए।
हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस द्वारा घायलों को राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक चंद्रशेखर ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।मृतक बृजमोहन कुशवाहा के परिजनों ने बताया कि वह कछवारा लगाकर और सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। आने वाले दो महीनों में उनकी बेटी रानी का विवाह होना था। बृजमोहन की पत्नी रामदेवी और उनके बच्चे शैलेंद्र और रानी का रो-रोकर बुरा हाल है।राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और दोनों बाइकों के चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment