डीएम एसपी की अध्यक्षता में ईद उल-अजहा (बकरीद) को लेकर धर्मगुरुओं व संभ्रांत नागरिकों के साथ हुई बैठक
अजय कुमार गुप्ता / हमीरपुर
हमीरपुर। जिलाधिकारी राहुल पांडेय व पुलिस अधीक्षक डा. दीक्षा शर्मा द्वारा आगामी त्यौहार ईद उल-अजहा (बकरीद) को लेकर शांति व्यवस्था व आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों एवं धर्मगुरुओं तथा सभ्रान्त व्यक्तियों के साथ जिला कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में जनपद के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद करते हुए आगामी त्यौहार को शांतिपूर्वक ढंग से मनाने, किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाने व आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। कुर्बानी के लिए स्थान का चिह्नांकन पहले से करने, विवादित व संवेदनशील स्थलों पर कुर्बानी न होने, कुर्बानी के उपरांत अपशिष्ट के निस्तारण की उचित व्यवस्थित कार्य योजना के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गई। आसपास के लोगों को जागरूक करने का आवाहन किया गया कि इंटरनेट मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या कुर्बानी से संबंधित वीडियो बनाकर गलत तरीके से पोस्ट न करें। ऐसा करने वालों की पहचान करके वैधानिक कार्रवाई करने के लिये निर्देशित किया गया।
बैठक मे संवाद के दौरान त्यौहार में आने वाली समस्याओं एवं पूर्व के विवादों के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गयी। आग्रह किया गया कि यदि कोई अराजकतत्व त्यौहार को सकुशल सम्पन्न होने से प्रभावित करता है तो उस व्यक्ति या अराजकतत्व की सूचना पुलिस को दें ताकि त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराने के साथ-साथ उस व्यक्ति या अराजकतत्व के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जा सके । नमाज के समय ईदगाह एवं मस्जिदों के आस पास सफाई व सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था रखने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। इस मौके पर समस्त अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment