एक सप्ताह से गैस सिलेंडर की आपूर्ति ठप, उपभोक्ता परेशान
🔴 🟡 अजय कुमार गुप्ता 🟡 🔴
सुमेरपुर (हमीरपुर)। सुमेरपुर कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों में पिछले एक सप्ताह से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ब्लॉक क्षेत्र में संचालित विवेक इंडेन गैस एजेंसी सुरौली बुजुर्ग, आकाश सोनी इंडेन गैस एजेंसी इंगोहटा तथा हितैषी इंडेन गैस एजेंसी छानी में पिछले एक सप्ताह से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो रही है। इन तीनों एजेंसियों से जुड़े करीब 25 हजार उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सुरौली बुजुर्ग एजेंसी में लगभग 7 हजार, इंगोहटा में 8 हजार तथा छानी बुजुर्ग में करीब 10 हजार उपभोक्ता हैं। सुरौली बुजुर्ग एजेंसी में 2 मार्च के बाद से गैस की आपूर्ति नहीं हुई है, जबकि छानी और इंगोहटा में 9 मार्च के बाद से आपूर्ति पूरी तरह बंद है।
वर्तमान में तीनों एजेंसियों में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता शून्य बताई जा रही है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि सर्वर डाउन होने के कारण उपभोक्ता गैस की बुकिंग भी नहीं कर पा रहे हैं। वहीं कस्बे की एचपी गैस एजेंसी में भी शुक्रवार को गैस उपलब्ध नहीं थी, जिससे उपभोक्ताओं की समस्या और बढ़ गई है।


Comments
Post a Comment